डॉ. राजवीर सिंह
गाजियाबाद। अनुसूचित जाति के निर्बल वर्ग के लिए संचालित बैकयार्ड पोल्ट्री योजना के संबंध में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एस.पी. पाण्डेय ने बताया कि चयनित लाभार्थियों को विभाग की ओर से कुक्कुट पालन शुरू करने के लिए आवश्यक सहायता दी जाएगी।
डॉ. पाण्डेय के अनुसार, प्रत्येक चयनित लाभार्थी को 50 चूजे, करीब 900 रुपये की सहायता राशि, एक बैग मुर्गी दाना और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही लाभार्थी पशुपालन विभाग से तीन दिवसीय प्रशिक्षण भी प्राप्त कर सकेंगे, जिसमें उन्हें चूजों की देखभाल, भोजन, टीकाकरण और बीमारियों से बचाव की जानकारी दी जाएगी।
आवेदन की अभी अंतिम तिथि तय नहीं
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि आवेदन जमा करने की अभी कोई अंतिम तिथि निर्धारित नहीं की गई है। हालांकि, पात्र लोगों को योजना का लाभ लेने के लिए अगले 10 से 20 दिनों के भीतर आवेदन कर देना चाहिए, ताकि चयन प्रक्रिया समय से पूरी की जा सके।
जाति प्रमाणपत्र और सुरक्षित जगह जरूरी
योजना में आवेदन करने के लिए अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र प्रमुख दस्तावेज होगा। इसके अलावा आवेदक का केवाईसी अपडेट बैंक खाता होना चाहिए और उसके घर पर मुर्गियों को सुरक्षित रखने की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए।
डॉ. पाण्डेय ने बताया कि चूजों को पालने के लिए बहुत अधिक जमीन की आवश्यकता नहीं है। घर के पीछे या परिसर में लगभग 10 गुणा 10 फीट के कमरे के बराबर सुरक्षित जगह उपलब्ध हो तो आवेदक योजना का लाभ ले सकता है।
पहले 200 महिलाओं को दिया जा चुका है लाभ
डॉ. एस.पी. पाण्डेय ने बताया कि इससे पहले योजना का लाभ केवल महिलाओं को दिया जा रहा था और जिले की लगभग 200 महिलाओं को योजना से लाभान्वित किया जा चुका है। अब योजना में पुरुषों को भी शामिल किया गया है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में कुल 800 लाभार्थियों के चयन का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें 500 पुरुष और 300 महिलाएं शामिल होंगी।
पात्र लोगों तक जानकारी पहुंचाना चुनौती
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने कहा कि योजना के लिए पात्र लाभार्थियों को तलाशने और उनसे आवेदन कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार की जरूरत है। पिछली बार 200 लाभार्थियों का चयन करने के लिए भी विभाग को पूरे जिले में काफी प्रयास करना पड़ा था।
इच्छुक व्यक्ति अपने ग्राम प्रधान, संबंधित पशु चिकित्साधिकारी, नजदीकी पशु चिकित्सालय या मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय, गाजियाबाद से संपर्क कर आवेदन की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।